नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान शुक्रवार को भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है।
भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन किसी साधारण कार्यकर्ता की spontenaity नहीं थी। उनके मुताबिक, यह पूरी योजना राहुल गांधी के आवास पर बनाई गई थी, जहाँ सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा भी मौजूद थीं। पात्रा ने गिरफ्तार किए गए कांग्रेस नेताओं के नाम सार्वजनिक करते हुए कहा कि इनमें अधिकांश वरिष्ठ पदों पर कार्यरत हैं, न कि मामूली कार्यकर्ता। उन्होंने बताया कि ये नेता कार्यक्रम स्थल पर रजिस्ट्रेशन कर प्रवेश किए और अंदर बारकोड का उपयोग कर घुसकर टीशर्ट उतार प्रदर्शन किया। उन्होंने इसे संयोग नहीं बल्कि पूर्व नियोजित प्रयास बताया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "जब दुनिया भारत को नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के माध्यम से तकनीक और नवाचार में बढ़ते वैश्विक नेतृत्व का साक्षी बना रही थी, उस समय कांग्रेस ने आयोजन में व्यवधान डालने का रास्ता चुना।"
राजनाथ सिंह ने कहा कि यूथ कांग्रेस के नेताओं का यह व्यवहार न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास भी है। उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि देश की प्रतिष्ठा को दलगत राजनीति के ऊपर रखना आवश्यक है और जनता भली-भांति जानती है कि कौन राष्ट्र को मजबूत बनाने में लगा है और कौन बार-बार उसकी छवि को नुकसान पहुँचाने का प्रयास करता है।