हैदराबाद के अमीरपेट में शुक्रवार (20 फरवरी) को मैत्रीवनम कॉम्प्लेक्स स्थित एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। घटना के समय कई छात्र चौथी मंजिल पर फंसे हुए थे। फायर और पुलिस विभाग की टीम ने तुरंत बचाव अभियान चलाकर सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फायर कंट्रोल रूम को सुबह 10:59 बजे घबराहट भरी कॉल मिली। ग्राउंड फ्लोर से उठता धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया, जिससे करीब 70 से 80 छात्र और स्टाफ अंदर फंसे रहे।
पंजागुट्टा स्टेशन के फायर ऑफिसर पी. रमेश ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने सीढ़ियों और बालकनी का इस्तेमाल कर करीब 40 छात्रों को नीचे उतारा। आग से पहले ही करीब 20 छात्र और स्टाफ अपने दम पर बाहर निकल चुके थे। कुल मिलाकर 80-90 लोग सुरक्षित बचाए गए और किसी के घायल होने या मौत की कोई सूचना नहीं है।
आधिकारियों ने कहा कि फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई और बचाव अभियान के कारण बड़ी दुर्घटना टली। अब आग पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रभावित परिसर में जांच जारी है।