नई दिल्ली: भारत में त्योहारों का जिक्र हो और दही भल्लों की बात न हो, ऐसा लगभग असंभव है। उत्तर भारत की गलियों से लेकर शाही शादी-ब्याह तक, दही भल्ले अपनी खास पहचान बनाए हुए हैं। मुलायम उड़द की दाल के भल्ले, गाढ़ा दही और तीखी-मीठी चटनी का संगम हर किसी को लुभाता है।
होली जैसे अवसरों पर भी कई घरों में दही भल्ले बनाए जाते हैं। हालांकि, अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर बने भल्ले बाजार जैसी नरमी नहीं रखते या उनमें गांठ रह जाती है। अगर आप भी घर पर परफेक्ट दही भल्ले बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके काम आएगी।
सामग्री
भल्ले के लिए:
-
उड़द की दाल – 1 कप (छिली हुई)
-
मूंग की दाल – 1/4 कप
-
हरी मिर्च और अदरक – बारीक कटी हुई
-
नमक – स्वादानुसार
-
हींग – एक चुटकी
-
तेल – तलने के लिए
परोसने के लिए:
-
दही – 500 ग्राम (ताजा और गाढ़ा)
-
चीनी – 2 बड़े चम्मच (दही में मिलाने के लिए)
-
इमली की मीठी चटनी और हरी चटनी
-
मसाले – भुना जीरा पाउडर, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला
-
गार्निश – बारीक कटा हरा धनिया, अनार के दाने और सेव
बनाने की विधि
-
उड़द और मूंग की दाल को अच्छी तरह धोकर कम से कम 5–6 घंटे या रात भर भिगो दें।
-
भिगोने के बाद पानी निकालकर दाल को मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर पीस लें। पेस्ट बारीक और गाढ़ा होना चाहिए।
-
पिसी हुई दाल को एक बर्तन में निकालें और हाथ से कम से कम 8–10 मिनट फेंटें, जब तक यह हल्की और फूली न दिखने लगे।
-
टेस्ट के लिए कटोरी में पानी लें और थोड़ा बैटर डालें। अगर बैटर पानी पर तैरने लगे, तो भल्ले के लिए तैयार है।
-
इसमें हींग, अदरक, मिर्च और नमक मिलाएं।
-
कढ़ाई में तेल मध्यम आंच पर गर्म करें। हाथ को थोड़ा गीला करके छोटे गोले बनाकर तेल में डालें और सुनहरा भूरा होने तक तलें।
-
तले हुए भल्लों को हल्के गुनगुने पानी में, जिसमें नमक और हींग हो, 20–30 मिनट के लिए भिगो दें। इससे भल्ले स्पंजी बनेंगे।
-
दही को छान लें या फेंट लें ताकि यह स्मूद हो जाए और ठंडा होने के लिए फ्रिज में रखें।
-
परोसते समय भल्लों को पानी से निकालकर हल्का दबाएं ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए। प्लेट में 2–3 भल्ले रखें, ऊपर से दही डालें, फिर इमली और हरी चटनी डालें।
-
भुना जीरा, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर छिड़कें और अनार के दानों से सजाकर ठंडा-ठंडा परोसें।