भारत में कपड़ा उद्योग सिर्फ एक व्यापार नहीं, बल्कि एक बड़ी लाइफस्टाइल और संस्कृति का हिस्सा भी है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक कई ऐसे मशहूर थोक कपड़ा बाजार मौजूद हैं, जहां किफायती दामों में ढेरों वैरायटी के कपड़े आसानी से मिल जाते हैं। ये बाजार न सिर्फ व्यापारियों के लिए बल्कि आम खरीदारों के लिए भी काफी लोकप्रिय हैं।

अगर आप बड़ी मात्रा में कपड़ों की खरीदारी करना चाहते हैं, तो देश के अलग-अलग शहरों के ये टेक्सटाइल मार्केट आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं।

दिल्ली- गांधी नगर और शांति मोहल्ला

देश की राजधानी दिल्ली का गांधी नगर मार्केट रेडीमेड कपड़ों के थोक कारोबार के लिए सबसे बड़ा हब माना जाता है। यहां टी-शर्ट, जींस, बच्चों के कपड़े और कई तरह के गारमेंट्स बेहद कम कीमतों में बल्क में उपलब्ध हैं।
वहीं शांति मोहल्ला (सीलमपुर के पास) फैब्रिक यानी थान वाले कपड़ों के लिए जाना जाता है, जहां अलग-अलग तरह के कपड़े थोक दामों पर मिलते हैं।

जयपुर- पारंपरिक टेक्सटाइल का केंद्र

राजस्थान की राजधानी जयपुर अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ कपड़ा बाजारों के लिए भी मशहूर है। पुरोहित जी का कटला, जौहरी बाजार के पास स्थित एक प्रमुख थोक मार्केट है, जहां साड़ियां, लहंगे और फैब्रिक आसानी से मिल जाते हैं।
यहां की बांधनी, लहरिया और गोटा-पट्टी डिज़ाइन वाली साड़ियां खास आकर्षण होती हैं।

लुधियाना- भारत का टेक्सटाइल हब

पंजाब का लुधियाना देश का बड़ा होजरी और ऊनी कपड़ों का केंद्र माना जाता है। यहां की गुरु मंडी, अक्कल गढ़ मार्केट, मिनर्वा मार्केट और ए.सी. मार्केट में कपड़ों की विशाल रेंज थोक में उपलब्ध होती है। यही वजह है कि इसे “भारत का मैनचेस्टर” भी कहा जाता है।

वाराणसी- बनारसी साड़ियों की पहचान

बनारस सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक शहर ही नहीं, बल्कि टेक्सटाइल के लिए भी बेहद खास है। यहां की बनारसी साड़ियां दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं। गोदौलिया बाजार शहर का प्रमुख कपड़ा थोक केंद्र है, जबकि मदनपुरा और जुलाइया मार्केट भी कपड़ा खरीदारी के लिए जाने जाते हैं।

मुंबई- फैशन और फैब्रिक का बड़ा बाजार

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मुलजी जेठा मार्केट और मंगलदास मार्केट थोक कपड़ा कारोबार के प्रमुख केंद्र हैं। दक्षिण मुंबई में स्थित ये बाजार साड़ी, ड्रेस मटेरियल और फैब्रिक की विशाल वैरायटी के लिए मशहूर हैं।