मध्यप्रदेश का मौसम नए साल से ही बदला हुआ है। बीते दो दिन से ठंड ने जोर पकड़ा है। दिन में लोग ठिठुरने लगे हैं। शुक्रवार को भी कई जिलों में मावठे की बारिश हुई है। प्रदेश के इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं पर, नर्मदापुरम, रीवा और सागर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर, भोपाल संभाग के जिलों में अनेक स्थान पर बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में अलसुबह कुछ इलाकों में करीब पौन घंटे तक पानी गिरा है। प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। बताया जा रहा है कि अगले कुछ दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। ग्वालियर में बीती रात सबसे ठंडी रही। यहां रात का पारा 7.9 डिग्री तक पहुंच गया। बीते 24 घंटे में 3 डिग्री गिरावट दर्ज की गई। वहीं गुरुवार दिन में 14.7 डिग्री तापमान रहा था। 

मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहने वाला है। शुक्रवार को भी 14 जिलों में बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, सागर, बैतूल, जबलपुर, कटनी, मंडला, उमरिया, डिंडौरी, शहडोल, अनूपपुर में बारिश की संभावना जताई गई है।

तापमान का स्तर
ग्वालियर में 7.9 डिग्री सेल्सियस, दतिया में 10.9 डिग्री सेल्सियस, सागर में 11.7 डिग्री सेल्सियस, शिवपुरी के पीपरसम में 12.01 डिग्री सेल्सियस और राजगढ़ में 12.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। जबकि ग्वालियर में 14.7 डिग्री सेल्सियस, शिवपुरी के पीपरसम में 14.9 डिग्री सेल्सियस, दतिया में 15.8 डिग्री सेल्सियस, बिजावर में 16.3 डिग्री सेल्सियस और पृथ्वीपुर में 16.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। प्रदेश में दिन में सबसे अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस खरगोन में दर्ज किया गया। 

कहां कितनी बारिश
रायसेन में दो, डोलरिया में दो, बरेली में दो, गैरतगंज में दो, नर्मदापुरम में एक, कन्नौज में एक, बड़ी में एक, विदिशा में एक, बुधनी में एक, ग्यारसपुर में एक, सोनकच्छ में एक, गोहरगंज में एक, बैरागढ़ भोपाल में एक, भोपाल अरेरा हिल्स में एक, बेगमगंज में एक, पटेरा में एक और सागर में एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

येलो अलर्ट
रीवा, मऊगंज, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, विदिशा, रायसेन, सीहोर और भोपाल जिले में बारिश को लेकर येलो अलर्ट किया गया है। यहां कहीं कहीं गरज चमक और वज्रपात की संभावना है। इसके साथ ही भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर चंबल संभाग के जिलों में, रीवा, मऊगंज, सतना, छिंदवाड़ा, मंडला, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और इंदौर जिले में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट किया गया है। यहां कहीं कहीं मध्यम से घना कोहरा और दृश्यता 50 से 500 मी रहने का अनुमान है।

यहां छाया रहा कोहरा
श्योपुर, ग्वालियर, दतिया, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर, राजगढ़, भोपाल, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में मध्यम से घना कोहरा रहा। शिवपुरी, उज्जैन, इंदौर, देवास, शाजापुर, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, नर्मदापुरम, रायसेन, गुना, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिवनी, छतरपुर, दमोह, कटनी, पन्ना, सतना, उमरिया और शहडोल में हल्के से मध्यम कोहरा देखा गया।  

भोपाल में बारिश
राजधानी में मावठे की बारिश ने शहर को भिगो दिया। शहर के कई इलाकों में 30 से 45 तक बूंदें पड़ती रहीं। सर्द हवाओं से ठंडक बढ़ने लगी है। आज भी जिले में बारिश की संभावना जताई जा रही है। भोपाल में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। यहां एक दिन में अधिकतम तापमान 7.2 डिग्री से भी ज्यादा लुढ़क गया। यहां दिन में अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

इंदौर में तेज ठंड
इंदौर में बीते दो दिनों से ठंड तेजी से बढ़ी है। सर्द हवाओं से लोग दिनभर ठिठुरते रहे। शुक्रवार सुबह शहर में धुध रही। बादल बने हुए हैं। इस वजह रात में सर्दी अपेक्षाकृत कम रही। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 15 डिग्री दर्ज किया गया। बादलों के छंटने के बाद रात का पारा तेजी से गिरेगा। 

ग्वालियर में सीवियर कोल्ड डे
ग्वालियर में सीवियर कोल्ड डे रहा। इधर कोहरे के चलते कई इलाकों में दृश्यता प्रभावित हुई। न्यूनतम दृश्यता सुबह के समय रीवा में 50 मी, भोपाल हवाई अड्डे और ग्वालियर हवाई अड्डे में 100 मी, रतलाम, छिंदवाड़ा, मंडला, सागर और टीकमगढ़ में 200 मी, जबलपुर हवाई अड्डे में 400 मी, दतिया, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन, दमोह, सतना और उमरिया जिले में 500 मीटर दर्ज की गई। आगे भी एक दो दिन मौसम कुछ इसी प्रकार का बना रहेगा। मौसम विभाग ने बारिश और कोहरे की संभावना जताई है।

उमरिया में 50 मीटर दूर भी नहीं दे रहा दिखाई
उमरिया जिला भी कोहरे के आगोश में है।लगातार ठिथुरन होने की वजह से लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। शुक्रवार सुबह विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जहां 50 मीटर से दूर लोगों को दिखाई भी नहीं दे रहा है। उमरिया जिले के पाली के क्षेत्र का मौसम ऐसा ही रहा है। यहां सूर्य के दर्शन नहीं हो रहे हैं।

Weather Forecast Update Today: Dense Fog, IMD Rain Alert for Bhopal, Sehore, Jabalpur, Umaria, Betul

दमोह में हल्की बारिश के बाद बड़ी ठंड
दमोह में गुरुवार रात से हल्की बारिश हो रही है इसके साथ ही सुबह से कोहरा छाया हुआ है, जिससे काफी तेज ठंड हो रही है। अभी 4 दिनों तक इसी तरह मौसम बने रहने की उम्मीद जताई जा रही है। सुबह से सड़कें सूनी दिखाई दी और जगह, जगह पानी भरा दिखाई दिया। बारिश के कारण सड़कों पर अलाव जलते नहीं दिखाई दिए और लोग अपने घरों में ही बने रहे। सीजन का सबसे ठंडा दिन गुरुवार रहा। गुरुवार को दिन और रात के तापमान में महज 4.2 डिग्री का अंतर रह गया है। 

गुरुवार को अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। इस तरह गुरुवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री पर आ गया। जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। शुक्रवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा और ओस गिरी। बादलों की वजह से पथरिया,  बटियागढ़ क्षेत्र में चना, मसूर में इल्ली बका प्रकोप देखा जा रहा है तो सरसों में माहू नामक कीट लगने लगा है। 

मौसम विशेषज्ञ डॉ. राजेश खबसे ने बताया कि  उत्तर भारत में पहाड़ों पर हो रही न बर्फबारी व उत्तर- पूर्वी दिशाओं से ठंडी हवाएं आने व अरब सागर के पश्चिमी भाग में एक कम दबाव का क्षेत्र  विकसित होने के कारण बादल व बारिश तो कहीं ठंड देखने को मिल रही है। एक टर्फ लाइन उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश व पश्चिमी भाग मे बनी होने कारण भी बादल छाए रहने की संभावना है। 

Weather Forecast Update Today: Dense Fog, IMD Rain Alert for Bhopal, Sehore, Jabalpur, Umaria, Betul

शहडोल में हाईवे पर बड़े वाहनों की लगी लंबी कतार 
शहडोल में दो दिनों से मौसम ने करवट बदली है। शुक्रवार सुबह अचानक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। शहडोल शहर के साथ साथ गांव भी कोहरे की चादर से ढंके रहे। सुबह से अब तक वाहन चालक सड़क पर वाहन को धीरे-धीरे ही चला पा रहे हैं। दृश्यता काफी कम है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दृश्यता 30 मीटर से भी कम रही। सुबह 10 बजे तक शहडोल शहर में घना कोहरा छाया रहा। वाहन चालक हेड लाइट जलाकर सड़कों पर वाहन चलाते दिखे। 

लंबी छुट्टियों के बाद शुक्रवार को स्कूल फिर से शुरू हुए हैं। सुबह से स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। घने कोहरे के कारण सुबह के स्कूल भी प्रभावित हुए हैं। घना कोहरा होने के कारण हाइवे पर भारी वाहन चालकों ने वाहनों को खड़ा कर कोहरा के काम होने का इंतजार सुबह से करना शुरू कर दिया है। वाहन चालको का कहना है कि कोहरा काफी है जिसकी वजह से सड़क पर वाहन चलाने में उन्हें दिक्कत हो रही है।