NTA का बड़ा फैसला! परीक्षा से पहले अपडेट करा लें आधार, वरना फेस बायोमेट्रिक जांच में होगी परेशानी

HIGHLIGHTS
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर चालू होना जरूरी है।
- माय आधार पोर्टल पर अपडेट की स्थिति पूरी दिखाई देनी चाहिए।
- आवेदन फॉर्म में दर्ज नाम और जन्मतिथि आधार कार्ड के विवरण से मेल खाने चाहिए।
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) आने वाले समय में अपनी सभी परीक्षाओं में सुरक्षा जांच के लिए फेशियल बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन यानी चेहरे से पहचान की प्रक्रिया अनिवार्य करने की तैयारी कर रही है। इस दिशा में एजेंसी ने छात्रों को सतर्क करते हुए आधार कार्ड अपडेट कराने की सलाह दी है।
एनटीए ने कहा है कि जिन छात्रों ने 15 वर्ष की उम्र पूरी करने के बाद अपना आधार अपडेट नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें। ऐसा नहीं करने पर परीक्षा केंद्रों पर फेशियल बायोमेट्रिक जांच के दौरान उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस संबंध में एनटीए ने छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने 15 साल की उम्र के बाद आधार अपडेट नहीं कराया है, वे इसे अनिवार्य रूप से अपडेट करा लें। एजेंसी के मुताबिक, उम्र बढ़ने के साथ चेहरे और उंगलियों के निशान में बदलाव हो सकते हैं। वहीं, जिन छात्रों ने 15 वर्ष की आयु के बाद आधार अपडेट करा लिया है, उन्हें दोबारा अपडेट कराने की आवश्यकता नहीं है।
परीक्षा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
एनटीए ने छात्रों को परीक्षा में शामिल होने से पहले आधार से जुड़ी चार महत्वपूर्ण चीजों की जांच करने की सलाह दी है।
15 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद आधार अपडेट कराया गया हो।
माय आधार पोर्टल पर अपडेट की स्थिति पूरी दिखाई दे रही हो।
आधार से लिंक मोबाइल नंबर चालू स्थिति में हो।
आवेदन फॉर्म में दर्ज नाम और जन्मतिथि आधार के विवरण से मेल खाते हों।
2026 से शुरू हुई फेशियल बायोमेट्रिक जांच
गौरतलब है कि एनटीए ने वर्ष 2026 से परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच के लिए फेशियल बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की शुरुआत की है। शुरुआती चरण में इस व्यवस्था को कुछ परीक्षा केंद्रों पर ट्रायल के तौर पर लागू किया गया था।
हालांकि, इस दौरान बड़ी संख्या में ऐसे छात्र सामने आए, जिन्हें आधार अपडेट नहीं होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। इससे पहले एनटीए की परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक पहचान मुख्य रूप से फिंगरप्रिंट के जरिए की जाती थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.