यूपी: चुनावी साल में जेन-जी को साधेगी भाजपा, स्कूल-कॉलेजों तक पहुंचेगी युवा टोली

HIGHLIGHTS
- रोजगार, शिक्षा और कौशल विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
- सोशल मीडिया पर विपक्ष के प्रचार का जवाब देने की जिम्मेदारी भी होगी।
- युवाओं के साथ सीधे संवाद को रणनीति का अहम हिस्सा बनाया गया है।
यूपी: चुनावी साल में सरकार से नाराज माने जा रहे जेन-जी यानी युवा वर्ग को साधने के लिए प्रदेश भाजपा जमीनी स्तर पर सक्रिय होने की रणनीति तैयार कर रही है। नई युवा पीढ़ी के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा की युवा टोली स्कूल और कॉलेजों तक पहुंचेगी और युवाओं से सीधे संवाद करेगी। इस अभियान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारियों और जिला स्तर की टीम की भूमिका अहम रहेगी। हालांकि, यह अभियान प्रदेश के मुख्य संगठन और भाजयुमो के प्रदेश संगठन के गठन के बाद शुरू किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, अभियान के तहत विधानसभा स्तर पर 10-10 युवाओं की टीमें बनाई जाएंगी। इन युवा टोलियों का मुख्य उद्देश्य स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाले युवाओं के बीच पहुंच बनाना होगा। टीम के सदस्य युवाओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सरकार के प्रति उनकी राय जानेंगे। साथ ही सरकार की ओर से युवाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, रोजगार कार्यक्रमों, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, युवा मोर्चा की टीमों को केवल सरकार की उपलब्धियां बताने तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उन्हें विपक्ष की ओर से सरकार के खिलाफ किए जा रहे प्रचार का जवाब देने की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। युवाओं तक सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों से पहुंचने वाले संदेशों को ध्यान में रखते हुए भाजपा की युवा टोली तथ्यों के आधार पर पार्टी का पक्ष रखने का प्रयास करेगी।
भाजपा की इस रणनीति में सीधे संवाद को खास महत्व दिया गया है। पार्टी का मानना है कि जेन-जी का बड़ा वर्ग सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय है। यह वर्ग पारंपरिक राजनीतिक संवाद के बजाय अपने सवालों के सीधे जवाब चाहता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.