धौलपुर सदर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के पास घने कोहरे की वजह से हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।
घने कोहरे से हुआ हादसा
सदर थाना प्रभारी दीपक बंजारा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हुसैनपुर गांव का रहने वाला टेंपो ड्राइवर राजेंद्र पुत्र रतन सिंह (25) , अपने पिता रतन सिंह पुत्र दौजी राम (50) के साथ टेंपो को लेकर धौलपुर आ रहा था। रास्ते में उसने हुसैनपुर गांव के रहने वाले बनवारी पुत्र सुरेश (27) और राजकुमार पुत्र छोटे (22) को सवारिया टैंपो में साथ बैठा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि चांदपुर गांव के पास घने कोहरे में बाड़ी से धौलपुर की ओर आ रहे टेंपो को जयपुर की ओर जा रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। जिस हादसे में टैंपो में सवार ड्राइवर राजेंद्र और उसके पिता रतन सिंह के साथ बालो पुत्र पीतम निवासी नयापुरा (35) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गांव के दोनों युवक बनवारी और राजकुमार के साथ बंटी पुत्र भभूति (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पहले एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। उन्होंने आगे बताया कि मृतकों की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने रोडवेज बस पकड़ा
बताया जा रहा है की हादसे के बाद बाड़ी कस्बे से रोडवेज बस को पकड़ लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि कोहरे की वजह से हुए हादसे में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत के बाद उनके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।