नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने इस नियम के खिलाफ अपनी राय व्यक्त की थी, और अब गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने भी इसे लेकर सवाल उठाए हैं।
इम्पैक्ट प्लेयर नियम के तहत टीम को मैच के दौरान एक खिलाड़ी को बाहर भेजकर किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करने की अनुमति मिलती है। इस नियम को 2023 में लागू किया गया था और इसे कम से कम 2027 तक बढ़ाया गया है।
कई खिलाड़ियों ने पहले ही जताई आपत्ति
इस नियम पर पहले भी कई भारतीय खिलाड़ियों ने आपत्ति जताई है, जिनमें रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, और हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल शामिल हैं। बुधवार को मुंबई में हुई आईपीएल कप्तानों की बैठक में गिल सहित अधिकांश कप्तानों ने बीसीसीआई से इस नियम की समीक्षा की मांग की।
गिल का बयान: “नियम खेल की चुनौती कम करता है”
शुभमन गिल ने कहा, "मेरे निजी विचार से इम्पैक्ट प्लेयर नियम नहीं होना चाहिए। यह मैच को एकतरफा बना देता है। क्रिकेट मूलतः 11 खिलाड़ियों का खेल है। इसमें अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज जोड़ने से खेल की वास्तविक चुनौती और खिलाड़ियों की कौशल की अहमियत कम हो जाती है। अगर मुख्य बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाएं, तो टीम को स्कोर बनाने के लिए रणनीति और कौशल का उपयोग करना पड़ता है। लेकिन इस नियम से खेल का झुकाव एकतरफा हो गया है। मेरे लिए चुनौतीपूर्ण पिच पर 180 या 160 रन का पीछा करना आसान पिच पर 220 रन का पीछा करने से ज्यादा रोमांचक है।"
टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद गिल ने कहा- “किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं”
गिल ने कहा कि टी20 विश्व कप 2026 से बाहर किए जाने के बाद उन्हें आईपीएल में किसी को कुछ साबित करने की आवश्यकता नहीं है। गिल विश्व कप से पहले भारत के उपकप्तान थे, लेकिन संजू सैमसन को शीर्ष क्रम में जगह देने के लिए उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा, "पिछले चार साल में हमने टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है और मैंने व्यक्तिगत रूप से भी अच्छा खेला है। इस सत्र में मुझे किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं।"
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन
शुभमन गिल लगातार आईपीएल में रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने पिछले सत्र में 650 रन, उससे पहले 426 रन और 2023 में 890 रन बनाए थे। गिल ने कहा, "मैं वही करना जारी रखूंगा जो पिछले चार साल से कर रहा हूं। टीम को लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अगर हम ऐसा करते रहे, तो निश्चित रूप से हम एक बार फिर ट्रॉफी जीत सकते हैं।"