चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही बड़ा झटका लगा है। टीम के दिग्गज और पूर्व कप्तान एमएस धोनी चोट के कारण शुरुआती मुकाबलों में खेल नहीं पाएंगे। सीएसके ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि धोनी इस समय काफ स्ट्रेन (पिंडली की चोट) से जूझ रहे हैं और पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) प्रक्रिया में हैं।
टीम के बयान के अनुसार, "धोनी इस समय काफ स्ट्रेन से उबर रहे हैं। इसके चलते वह आईपीएल के पहले दो हफ्तों से बाहर रह सकते हैं।"
धोनी की चोट और कितने मैच मिस हो सकते हैं
धोनी की यह चोट मांसपेशियों से जुड़ी है और ठीक होने में समय लगता है। फिलहाल अनुमान है कि वह पहले दो हफ्ते नहीं खेलेंगे, यानी सीएसके के शुरुआती तीन से चार मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं।
सीएसके का शुरुआती शेड्यूल इस प्रकार है:
- 30 मार्च: राजस्थान रॉयल्स vs CSK (गुवाहाटी)
- 3 अप्रैल: पंजाब किंग्स vs CSK (चेन्नई)
- 5 अप्रैल: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs CSK (बंगलुरु)
- 11 अप्रैल: दिल्ली कैपिटल्स vs CSK (चेन्नई)
धोनी 14 अप्रैल को चेन्नई में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच में वापसी कर सकते हैं।
CSK के लिए क्यों है यह बड़ा नुकसान
हालांकि धोनी अब कप्तान नहीं हैं, लेकिन उनकी मैदान पर मौजूदगी टीम के लिए अहम है। अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर धोनी की भूमिका कई मायनों में महत्वपूर्ण है –
- विकेटकीपिंग में अनुभव
- डेथ ओवर में फिनिशिंग
- युवा खिलाड़ियों को गाइड करना
धोनी की गैरमौजूदगी में ये सभी जिम्मेदारियां किसी और खिलाड़ी पर आ सकती हैं, जिससे टीम को शुरुआती मैचों में रणनीति बदलनी पड़ सकती है।
धोनी की गैरमौजूदगी में किसे मिलेगा मौका
विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी अब किसी अन्य खिलाड़ी को सौंपनी होगी। टीम के पास इसके लिए तीन विकल्प हैं:
- संजू सैमसन (खेलना तय)
- उर्विल पटेल
- कार्तिक शर्मा
उर्विल और कार्तिक में से किसे प्लेइंग-11 में जगह मिलेगी और विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी किस पर होगी, यह देखने वाली बात होगी।