किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में बारिश से पहले ही बादल फटने की घटना ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। निचार खंड के पटवार हलका नातपा के उपमहाल काचरंग क्षेत्र में देर रात करीब तीन बजे बादल फटने से अचानक काचरंग नाले में भीषण फ्लैश फ्लड आ गया, जिससे इलाके में भारी नुकसान हुआ है।
तेज बहाव के कारण स्थानीय सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई जगहों पर मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इससे क्षेत्र का संपर्क टूट गया है और लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पेयजल व्यवस्था ठप
बाढ़ का असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा है। जलशक्ति विभाग की कई पाइपलाइनें टूट गई हैं, जबकि दो स्थानों पर बने इंटेक टैंक को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। इसके चलते क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है।
कृषि और बागवानी को नुकसान
फ्लैश फ्लड का असर कृषि और बागवानी क्षेत्रों पर भी देखा गया है। नाले के साथ आए मलबे और तेज बहाव ने खेतों और सेब के बागानों को नुकसान पहुंचाया है। कई जगह सेब के पेड़ टूटने की भी सूचना है, जिससे बागवानों को आर्थिक नुकसान का अंदेशा है।
रिहायशी क्षेत्र सुरक्षित, कोई जनहानि नहीं
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। नाले का पानी रिहायशी इलाकों की ओर नहीं गया, जिससे घर सुरक्षित रहे।
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रही है और नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द सड़क बहाली और पेयजल व्यवस्था को सामान्य करने की मांग की है।