दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार दो हार के बाद ‘करो या मरो’ मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवित रखा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए हाई-स्कोरिंग मैच में दिल्ली ने 211 रनों के बड़े लक्ष्य को 19 ओवर में हासिल कर लिया और इस सीजन की अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। इस हार के साथ पंजाब किंग्स को लगातार चौथी शिकस्त झेलनी पड़ी।
धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने तेज शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर आक्रामक अंदाज दिखाया और टीम ने महज 2.4 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए। प्रियांश ने पावरप्ले के दौरान 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जिससे टीम की शुरुआत मजबूत रही।
हालांकि इसके बाद पंजाब की रनगति धीमी पड़ गई। कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाया, जबकि कूपर कॉनोली ने भी उपयोगी योगदान दिया। एक समय 220 से अधिक के स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही पंजाब टीम 200 के आसपास ही सिमट गई। अंत में सूर्यांश शेडगे ने 8 गेंदों में 21 रन जोड़कर टीम को 200 के पार पहुंचाया। दिल्ली की ओर से मिचेल स्टार्क और युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी ने दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही टीम ने केवल 33 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। अर्शदीप सिंह ने दो और यश ठाकुर ने एक विकेट लेकर दिल्ली को शुरुआती झटके दिए।
इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने पारी को संभाला। पूरे सीजन में संघर्ष कर रहे अक्षर ने इस बार आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 56 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को वापसी दिलाई। उन्हें डेविड मिलर का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 28 गेंदों में 51 रन बनाए।
मिलर के आउट होने के बाद मैच फिर रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया, लेकिन आशुतोष शर्मा ने 10 गेंदों में 24 रन की तेज पारी खेलकर दिल्ली को बढ़त दिलाई। अंत में माधव तिवारी ने भी 8 गेंदों में 18 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया।