नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल मुकाबले के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जब दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी फील्डिंग करते समय गंभीर रूप से घायल हो गए। गेंद को रोकने की कोशिश में उनके सिर पर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत स्ट्रेचर के जरिए मैदान से बाहर ले जाया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मैच आयोजकों ने तुरंत चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की। इसके बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल खिलाड़ी को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम के जरिए समन्वय किया गया और एंबुलेंस के लिए रास्ता पूरी तरह खाली कराया गया। पीक ट्रैफिक के बावजूद एंबुलेंस को बिना रुके आगे बढ़ने दिया गया, जिससे एनगिडी को महज 11 मिनट में राजेंद्र नगर स्थित BLK-Max सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचा दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान ट्रैफिक को नियंत्रित कर एंबुलेंस को प्राथमिकता दी गई, ताकि खिलाड़ी को जल्द से जल्द इलाज मिल सके। घटना के बाद मैच में कुछ समय के लिए रुकावट भी आई। फिलहाल, खिलाड़ी की स्थिति को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।