मुजफ्फरनगर: बैंक लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित मजदूर अपनी पत्नी के साथ बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई।

परिचित पर लोन के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप

नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी इरफान ने बताया कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान महमूदनगर निवासी फुरकान से हुई थी। आरोप है कि फुरकान ने पहले GST रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह दी और फिर बैंक से 9 लाख रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिया।


पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने उसके बेटे आरिफ के नाम पर इंडियन बैंक, तितावी शाखा से 14 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करा दिया, लेकिन परिवार को केवल 9 लाख रुपये ही दिए गए, जबकि बाकी 5 लाख रुपये अपने पास रख लिए।

बैंक नोटिस से बढ़ी परेशानी

इरफान का कहना है कि बाद में बैंक रिकॉर्ड देखने पर पूरे 14 लाख रुपये के लोन की जानकारी मिली। इसके बाद उसने ब्याज समेत 9 लाख रुपये की किस्तें भी जमा कर दीं, बावजूद इसके बैंक की ओर से लगभग 14.25 लाख रुपये की वसूली का नोटिस भेजा जा रहा है।

धमकी और आर्थिक तंगी का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया कि कई बार पंचायत और समझौते की कोशिशों के बावजूद आरोपी ने 5 लाख रुपये वापस नहीं किए। इतना ही नहीं, अब पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।


इरफान का कहना है कि बैंक नोटिस के कारण उसका मकान नीलामी की स्थिति में पहुंच गया है और आर्थिक संकट के चलते उसकी दो बेटियों की शादी भी अटकी हुई है।

SSP से कार्रवाई की मांग

पीड़ित ने एसएसपी से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और हड़पे गए 5 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है।