हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को आईपीएल 2026 का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा है। मैच में भले ही चेन्नई के दिग्गज बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन अब तक मैदान पर नजर नहीं आए हैं, लेकिन उनका विनम्र व्यवहार एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
मैदानकर्मियों से मिले धोनी
मैच से पहले धोनी स्टेडियम में मौजूद ग्राउंड स्टाफ से मुलाकात करते नजर आए। उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और मुस्कुराते हुए समय बिताया। चेन्नई सुपर किंग्स ने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया, जिसमें धोनी का सहज और विनम्र स्वभाव साफ दिखाई देता है।
चोट के कारण अब तक बाहर
जानकारी के अनुसार धोनी इस सीजन पिंडली की चोट के कारण अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। हालांकि पिछले मुकाबले से पहले उन्हें नेट्स में अभ्यास करते देखा गया था, जिससे उनके वापसी की उम्मीदें भी बढ़ी थीं, लेकिन वह इस मैच में भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन सके।
सीएसके ने पहले भी एक वीडियो साझा किया था जिसमें धोनी नेट्स में अच्छी लय में बल्लेबाजी करते नजर आए थे, जिसने फैंस में उत्साह बढ़ा दिया था।
धोनी का रिकॉर्ड
महेंद्र सिंह धोनी ने अब तक आईपीएल में 278 मैचों में 5439 रन बनाए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। वह लीग इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में छठे स्थान पर हैं।
SRH ने दिया 195 रन का लक्ष्य
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 194 रन बनाए। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
चेन्नई के लिए गेंदबाजी में अंशुल कंबोज और जेमी ओवरटन ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मुकेश चौधरी को 2 सफलताएं मिलीं। गुरजपनीत सिंह ने भी एक विकेट हासिल किया।