धर्मशाला। आईपीएल में गुरुवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से मात दे दी। गेंदबाजों के संतुलित प्रदर्शन के बाद तिलक वर्मा की आक्रामक पारी ने मुंबई की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 200 रन बनाए। टीम की ओर से प्रभसिमरन सिंह ने शानदार अर्धशतक जड़ा और पारी को मजबूत आधार दिया। हालांकि अंतिम ओवरों में रन गति पर ब्रेक लग गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन मध्यक्रम में तिलक वर्मा ने तेजतर्रार बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदल दिया। मुंबई ने 19.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 205 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
पंजाब की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने 2 विकेट झटके, जबकि मार्को यानसेन और युजवेंद्र चहल को 1-1 सफलता मिली। इसके बावजूद टीम जीत दर्ज करने में नाकाम रही।