मुंबई। आईपीएल 2026 के आगमन से पहले राजस्थान रॉयल्स के स्वामित्व में बड़ा बदलाव हुआ है। अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने टीम को 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,290 करोड़ रुपये) में खरीदा है। यह अब तक की आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी डील बन गई है। हालांकि, इस सौदे का असर आईपीएल 2026 के सीजन के बाद देखने को मिलेगा, क्योंकि इस सीजन टीम का स्वामित्व अभी भी पुराने मालिक के पास रहेगा।
पिछले सौदों का संदर्भ
पिछले साल गुजरात टाइटंस के स्वामित्व में भी बड़ा बदलाव हुआ था। टोरेंट ग्रुप ने सीवीसी कैपिटल से 67 प्रतिशत हिस्सेदारी 5,025 करोड़ रुपये में खरीदी थी। इससे फ्रेंचाइजी की कुल वेल्यू बढ़कर 7,500 करोड़ रुपये हो गई थी।
इस बोली में कौन थे दावेदार?
काल सोमानी के कंसोर्टियम में वॉलमार्ट परिवार से रॉब वॉलटन और फोर्ड परिवार के हैम्प सदस्य भी शामिल थे। अन्य दावेदारों में टाइम्स इंटरनेट, आदित्य बिड़ला समूह और आर्सेलरमित्तल के सीईओ आदित्य मित्तल का परिवार भी शामिल थे।
काल सोमानी और खेलों से जुड़ाव
सोमानी ने पिछले 15 वर्षों में एड-टेक, डेटा गोपनीयता, एआई गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक पर केंद्रित कंपनियों की स्थापना की है। वे पहले भी खेलों में निवेश कर चुके हैं, जिनमें मोटर सिटी गोल्फ क्लब, टीएमआरडब्ल्यू स्पोर्ट्स और टीजीएल गोल्फ लीग शामिल हैं।
प्रतिक्रिया और मीडिया कवरेज
मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने ट्वीट किया, "राजस्थान रॉयल्स की टीम 1.63 बिलियन डॉलर में बिक गई। लंदन स्पिरिट का मूल्य 370 मिलियन डॉलर था।" वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने इस सौदे को आईपीएल के लिए बड़ी खुशखबरी बताया।
आरसीबी भी बिक्री के लिए तैयार
आईपीएल की अन्य प्रमुख फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) भी बिक्री के लिए उपलब्ध है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसके स्वामित्व का मूल्य 2 अरब डॉलर (करीब 18,749 करोड़ रुपये) से अधिक होने की संभावना है।