भारतीय पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने मलेशिया के गोह जी फेई और नूर इजुद्दीन की मजबूत जोड़ी को कड़े संघर्ष में हराया।

विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज सात्विक-चिराग की जोड़ी ने 82 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में 19-21, 22-20, 21-16 से जीत दर्ज की। यह इस सीजन में उनका पहला फाइनल होगा, जबकि थाईलैंड ओपन में वे तीसरी बार खिताबी मुकाबले तक पहुंचे हैं। इससे पहले यह जोड़ी 2019 और 2024 में यहां खिताब जीत चुकी है।

मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ मजबूत रिकॉर्ड

इस जीत के साथ सात्विक-चिराग का गोह जी फेई और नूर इजुद्दीन के खिलाफ रिकॉर्ड 8-2 हो गया है। हालांकि पिछले साल इंडिया ओपन सुपर 750 में इसी मलेशियाई जोड़ी ने भारतीय टीम को हराया था।

भारत के लिए यह जीत इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि शुक्रवार को महिला एकल में पीवी सिंधू और पुरुष एकल में लक्ष्य सेन क्वार्टर फाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। ऐसे में अब खिताब की उम्मीदें पूरी तरह सात्विक-चिराग की जोड़ी पर टिक गई हैं।

मैच का रोमांचक उतार-चढ़ाव

मुकाबले की शुरुआत में मलेशियाई जोड़ी ने 3-1 की बढ़त बनाई, लेकिन भारतीय जोड़ी ने जल्दी ही वापसी करते हुए स्कोर 5-5 से बराबर कर दिया। पहले गेम में ब्रेक तक मलेशिया ने 11-8 की बढ़त हासिल कर ली और 21-19 से पहला गेम अपने नाम किया।

दूसरे गेम में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शुरुआती चरण में स्कोर लगातार बराबरी पर रहा, लेकिन ब्रेक के बाद भारतीय जोड़ी ने बढ़त बनाई। हालांकि कुछ अनफोर्स्ड एरर के कारण मुकाबला फिर 20-20 तक पहुंच गया। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने संयम बनाए रखते हुए यह गेम 22-20 से जीत लिया।

निर्णायक गेम में सात्विक-चिराग ने पूरी तरह नियंत्रण बना लिया और मलेशियाई जोड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया, जिससे उन्होंने फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित किया।