नई दिल्ली। भारत के खिलाफ हालिया मुकाबले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बयानबाजी की गर्मी फिर से बढ़ गई है। पूर्व तेज गेंदबाज और ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर शोएब अख्तर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, लेकिन 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने अपने बयान पर सफाई पेश की।

अख्तर की विवादित टिप्पणी
एक भारतीय टीवी चैनल पर चर्चा के दौरान अख्तर ने कहा था कि मोहसिन नकवी जैसे व्यक्ति PCB के अध्यक्ष पद के लिए योग्य नहीं हैं। अख्तर ने कहा, “अगर आप मुझे किसी चैनल का चेयरमैन बना दें, तो क्या मुझे पता होगा कि उसे कैसे चलाना है? अब ऐसी स्थिति है कि बोर्ड के शीर्ष पद पर बैठा व्यक्ति इस काम को नहीं समझता। ऐसे में टीम कैसे सफल होगी?” उन्होंने इसे “अयोग्य और जाहिल” व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपना बताया और कहा कि इससे संस्थान बर्बाद हो सकते हैं।

यू-टर्न और सफाई
हालांकि, अगले ही दिन अख्तर ने पाकिस्तानी चैनल ARY न्यूज पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका बयान नकवी के खिलाफ नहीं था। अख्तर ने स्पष्ट किया, “मैंने जो शब्द इस्तेमाल किए, वह व्यापक संदर्भ में थे। मेरा इशारा इंटरनेशनल क्रिकेट के शीर्ष अधिकारियों की तरफ था, नकवी की ओर नहीं। उन्होंने हमेशा पाकिस्तान क्रिकेट की मदद करने की कोशिश की है। हमें उनके खिलाफ गलत बातें नहीं करनी चाहिए।”

अख्तर ने कहा कि वह नकवी से नाराज जरूर हैं, लेकिन बोर्ड चलाने के तरीके पर नहीं। उनका कहना था कि नाराजगी का कारण नकवी का अपने स्टैंड से पीछे हटना और टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत के खिलाफ बहिष्कार वाले रुख से हटना था।

टीम के खिलाड़ियों पर भी उठाए सवाल
शोएब अख्तर ने बाबर आजम और शाहीन अफरीदी की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि शाहीन फिट नहीं हैं और 125 किमी/घंटा से अधिक तेज़ गेंद नहीं फेंक पा रहे। बाबर आजम मिडिल ऑर्डर में उतने प्रभावी नहीं हैं, जबकि ओपनिंग में उन्हें खेलाया जाना चाहिए। अख्तर ने शादाब खान के चयन पर भी सवाल उठाया और कहा कि टीम भारत के खिलाफ अनुकूल नहीं है।

टीम की नाकामी की वजह
अख्तर ने टीम की हार के लिए सभी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “इसमें मैं, बोर्ड, मीडिया, हर कोई शामिल है। हमने गलत लोगों को स्टार बनाया और क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर में पर्याप्त निवेश नहीं किया।”

इस बयान के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में वरिष्ठ खिलाड़ियों और अधिकारियों के बीच हलचल और चर्चा तेज हो गई है।