औरंगाबाद: नबीनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

अपराधियों ने नबीनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह (48) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना माली थाना क्षेत्र के सोनौरा पुल के पास की है। मृतक नरारी कला खुर्द थाना क्षेत्र के अंकोरहा गांव के रहने वाले थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संजय सिंह नबीनगर के पूर्व प्रमुख राजेन्द्र सिंह के भतीजे हैं एवं इनकी पत्नी अभी वर्तमान में पैक्स अध्यक्ष की पद पर निर्वाचित हुई है।

गाड़ी रुकवाकर कनपटी में मारी गोली 
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह अपने कार में सवार होकर औरंगाबाद से बैरिया होते हुए घर लौट रहे थे। इस दौरान माली थाना क्षेत्र के सोनौरा पुल पर पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उनकी कार को रुकवाया और कनपटी में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौत हो गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष के मौत की खबर इलाके में आग की तरफ फैल गई, जिसके बाद काफी संख्या में लोग जमा हो गए। फिलहाल मृतक का शव उनके आवास पर है तथा पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

पैक्स चुनाव में पत्नी हुई थी विजयी 
जानकारी के अनुसार विगत 26 नवंबर को अंकोरहा पैक्स में हुई चुनाव में उनकी पत्नी मीना देवी अध्यक्ष बनी थी। चुनावी रंजिश में व्यापार मंडल अध्यक्ष के हत्या की चर्चा इलाके में है। ग्रामीणों का कहना है कि पैक्स चुनाव के मतगणना के बाद सोनौरा के पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ब्रजेश मेहता के साथ भी उनकी कहा-सुनी हुई थी। व्यापार मंडल अध्यक्ष की मौत को लोग उक्त घटना से भी जोड़कर देख रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में ब्रजेश मेहता सोनौरा पैक्स के अध्यक्ष थे। इस बार चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह अपने हार का कारण व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंह को ही बता रहे थे। हालांकि पुलिस मौत से जुड़े सभी बिंदुओं पर गहन छानबीन कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।

घटना के बाद एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों का पता लगाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्सा नहीं जाएगा। जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले अपराधी पुलिस गिरफ्त में होंगे। इधर एसपी ने कहा कि इस घटना में जो भी लोग शामिल होंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर नही छोड़ा जाएगा।

पूर्व सांसद ने जताया शोक, हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की 
भाजपा के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने संजय सिंह की हत्या पर गहरा शोक प्रकट किया है। पूर्व सांसद ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि हत्या में शामिल अपराधी को पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करें। 

पूर्व सांसद ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ इस केस में शामिल अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें। इनका निधन मेरे लिए बहुत दुःखद है। ईश्वर परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें, जिनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, जिसकी भरपाई नही हो सकती है। दुःख के इस घड़ी में मैं परिवार के साथ हुँ। यह घटना बहुत ही दुखदायी है। इस घटना से मैं बहुत दुःखी हुँ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here