जमुई में छात्रा की मौत को लेकर उपजा आक्रोश गुरुवार को खैरा थाना तक पहुंच गया। बड़ी संख्या में लोग थाना परिसर के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
थाना परिसर में मची अफरा-तफरी
अचानक हुई पत्थरबाजी से थाना परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि स्थिति पर नियंत्रण करना मुश्किल हो गया।
आत्मरक्षा में पुलिस ने की कार्रवाई
भीड़ के लगातार उग्र बने रहने और पथराव जारी रखने के कारण पुलिस ने पहले लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन हालात काबू से बाहर होते देख और आत्मरक्षा में पुलिस को चेतावनी के बाद फायरिंग करनी पड़ी।
इलाके में तनाव, अतिरिक्त बल तैनात
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और घटना के दौरान हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।