बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए हुए चुनाव में इस बार पूरी तस्वीर साफ हो गई है, क्योंकि सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। नाम वापसी की समयसीमा खत्म होने के बाद किसी भी सीट पर मुकाबले की नौबत नहीं आई। इसके बाद सभी विजयी उम्मीदवार आज विधानसभा पहुंचकर अपना-अपना प्रमाण पत्र प्राप्त कर रहे हैं।

निर्विरोध चुने गए प्रमुख चेहरों में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह, संजय मयूख, शीला पंडित, अनिल ठाकुर के साथ जदयू से निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद शामिल हैं। वहीं लोजपा (रामविलास) से अशरफ अंसारी और राजद से सुनील कुमार सिंह को भी बिना मुकाबले विजेता घोषित किया गया है।

जीत के बाद विधानसभा में दिखी उत्साह की झलक

विधानसभा परिसर में प्रमाण पत्र लेने पहुंचे कई नेताओं के बीच खुशी का माहौल नजर आया। राजद के सुनील कुमार सिंह और लोजपा (रामविलास) के अशरफ अंसारी ने पोर्टिको में पहुंचते ही विक्ट्री साइन दिखाकर अपनी जीत का जश्न मनाया। दोनों नेताओं ने समर्थकों का अभिवादन भी स्वीकार किया।

लालू यादव के जन्मदिन पर खास संयोग

राजद नेता सुनील कुमार सिंह ने इस दिन को अपने लिए बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि यह संयोग है कि जिस दिन पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन है, उसी दिन उन्हें विधान परिषद सदस्यता का प्रमाण पत्र भी मिल रहा है। उन्होंने इसके लिए लालू यादव और तेजस्वी यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

निशांत कुमार की चुप्पी चर्चा में

वहीं जदयू प्रत्याशी निशांत कुमार जब प्रमाण पत्र लेने विधानसभा पहुंचे तो पत्रकारों ने उनसे राजनीतिक भविष्य और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल किए, लेकिन उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और बिना टिप्पणी किए सीधे आगे बढ़ गए। उनकी यह चुप्पी वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।