बिहार के नवादा जिले में बुधवार शाम बड़ा बवाल हुआ. मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक दलित बस्ती को घेर कर आग लगा दी. इस आगजनी में गांव के 80 घर जल गए. आगजनी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दबंग मौके से फरार हो गए. वहीं गांव में इतने सारे घर एक साथ जलते देख चीख-पुकार मच गई. अपनी आंखों के सामने अपना आशियाना जलता देख महिलाएं, बच्चे और बच्चियां चीखने-चिल्लाने लगे. फिलहाल फायर ब्रिगेड की नौ गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं. पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर इलाके में दबंगों ने एक दलित बस्ती को घेर कर आग लगा दी. आगजनी की इस घटना को सुनते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, कृष्णा नगर गांव में पहले से ही दो पक्षों में भूमि विवाद चल रहा था. इसी बीच बुधवार की देर शाम दबंग गांव में पहुंचे और फायरिंग करनी शुरू कर दी.
फायरिंग की घटना के बाद उन्होंने गांव की दलित बस्ती में आग लगा दिया. इससे करीब 80 घर आग की जद में आ गए. इधर, आगजनी की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की नौ गाड़ियां भी दलित बस्ती में पहुंचीं.
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात कदम उठाते हुए पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया. आला प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं. आगजगी के बाद स्थानीय निवासी दहशत में हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस आगजनी में उनका सामान जल कर राख हो गया है.