जगदानंद सिंह फिर से राष्ट्रीय जनता दल बिहार के अध्यक्ष बन गए हैं। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के कहने पर उन्होंने दोबारा चुनाव लड़ने का फैसला लिया। उनके खिलाफ किसी और कैंडिडेट में नामांकन नहीं किया। इस तरह बुधवार को वे निर्विरोध आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष चुने गए। आरजेडी के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन ने यह घोषणा की। जांच में चार सेटों में दाखिल नामांकन वैध पाया गया। 

हाल ही में लालू यादव ने जगदानंद सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने का निर्देश दिया था। इसके बाद वे तैयार हो गए। हालांकि पहले जगदानंद ने फिर से प्रदेश अध्यक्ष के लिए अनिच्छा जताई थी। मगर लालू के कहने पर तैयार हो गए। लालू प्रसाद ने उनसे स्पष्ट कह दिया कि उनका पार्टी हित में अध्यक्ष बने रहना आवश्यक है। क्योंकि सत्ता में आने के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासित रहना और जरुरी हो गया है। 

जगदानंद सिंह ने कहा कि मेरा मन नहीं, शरीर थक गया है। पहले 12-12 घंटे तक काम करते थे, लेकिन अब 6 घंटे ही कर पा रहे हैं। हर आदमी के रिटायर होने की एक उम्र होती है। वैसे यह राष्ट्रीय अध्यक्ष का काम है कि वह कार्यभार किसे देंगे। हमने कभी इसकी इच्छा प्रकट नहीं की। यही नहीं वे किसी काम या जिम्मेवारी से भागते भी नहीं हैं। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने लोहिया और कर्पूरी ठाकुर से यही सीखा है कि जनता के लिये दी हुई जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाओ।