पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके के दल्लूपुरा गांव में मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें 28 वर्षीय पवन कुमार ने अपने चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय हिमांशु मोबाइल पर वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था और उसे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उसका भाई ऐसा कदम उठाएगा।
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को धर्मशिला अस्पताल, वसुंधरा एन्क्लेव से सूचना मिली कि युवक को छाती में गोली लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पवन कुमार को मृत पाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पवन ने हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया। पुलिस ने पिस्तौल और 10 कारतूस जब्त कर लिए हैं। साथ ही, हिमांशु का मोबाइल भी पुलिस के कब्जे में है, जिसमें घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है।
क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने अस्पताल और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया। वीडियो फुटेज की जांच से पुष्टि हुई कि यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।
यह घटना पूरे इलाके में सनसनी मचा गई है और स्थानीय लोग शॉक्ड हैं। पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा चुकी है।