किशनगंज में दीवार के नीचे दबने से तीन लोगों की मौत हो गई। साथ ही एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतकों की पहचान सताल निहाल भाग निवासी मो आलम (65), बसाक टोली निवासी भरत कुमार (40) और बेनी निवासी मो. शाहिद (34) के रूप में की गई है।
ताश खेलने के दौरान अचानक गिरी दीवार
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार रात्रि करीब 8 बजे नगर पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर के समीप एक गली में बैठकर ताश खेल रहे थे। तभी अचानक दीवार गिर गया, जिसमें चारों दब गये। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग उधर दौड़ पड़े और मलवे में दबे चारों को बाहर निकालने लगे। आननफानन में स्थानीय लोगों ने चारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। उनमें से एक की हालत काफी गंभीर थी।
इस वजह से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर किशनगंज रेफर कर दिया। लेकिन उसे ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। फिलहाल चौथे घायल मो. सद्दाम का इलाज बहादुरगंज में हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पर थानाध्यक्ष बहादुरगंज निशाकान्त कुमार अपने दल बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस मृतकों के शव को पोस्टमोर्टम कराने में जुटी हुई है।