छठ महोत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने आसनसोल-पटना के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। रविवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल रेलवे स्टेशन से दो विशेष रेलगाड़ियां रवाना हुईं। जिनमें हजारों लोग छठ पूजा के लिए पटना और गोरखपुर जाने के लिए सवार थे। 

भारतीय रेलवे ने इस त्योहारी सीजन के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश वापस जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। बिहार जाने वाले एक यात्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, छठ पूजा के अवसर पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए रेलवे की यह एक बहुत अच्छी पहल है। एक अन्य यात्री ने बताया कि ट्रेनें साफ-सुथरी थीं और उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, मैं छठ पूजा के लिए घर जा रहा हूं। ट्रेन की व्यवस्था बहुत अच्छी है और हम बहुत खुश हैं कि सरकार ने यह कदम उठाया।

ये हैं ट्रेनें
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक,  ट्रेन संख्या 03549 आसनसोल-पटना अनारक्षित स्पेशल 04 नवंबर 2024 की संध्या 06:30 बजे आसनसोल से रवाना होगी। यह ट्रेन रात करीब 01:30 बजे पटना पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 03550 पटना-आसनसोल अनारक्षित स्पेशल 05 नवंबर 2024 को वापसी में पटना से सुबह 03:15 बजे प्रस्थान करेगी। उसी दिन पूर्वाहन 10:40 बजे आसनसोल पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन रास्ते में चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। इस ट्रेन में केवल सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे होंगे।

इन जगहों के लिए की गई विशेष व्यवस्था
भारतीय रेलवे ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह छठ पूजा के लिए यात्रियों को उनके गृहनगर तक सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए देश भर में विशेष ट्रेनें चलाएगा। रेलवे बोर्ड के सूचना और प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि भारतीय रेलवे ने गुरुवार को 160 से अधिक ट्रेनें चलाईं और रविवार को 170 से अधिक ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। कुमार ने कहा कि नई दिल्ली, आनंद विहार, अहमदाबाद, सूरत, बड़ौदा, मुंबई, बांद्रा, विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा, छठ पूजा के दौरान अपने गृहनगर जाने वाले लोगों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। हम भीड़ को समायोजित करने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए कई ट्रेनें चला रहे हैं। कल हमने 160 से अधिक ट्रेनें चलाईं और आज हम 170 से अधिक ट्रेनें चलाने की योजना बना रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारियों को तैनात किया गया है और यात्रियों की सहायता के लिए रेल सेवक उपलब्ध हैं। छठ एक महत्वपूर्ण त्योहार है जो मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार सहित भारत के उत्तरी और पूर्वी भागों में मनाया जाता है।