बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप-2026 में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें 50 लाख रुपये का चेक और अंगवस्त्र प्रदान कर उनकी उपलब्धि को सराहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभव ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल भारतीय टीम की ऐतिहासिक सफलता में योगदान दिया, बल्कि बिहार का मान भी बढ़ाया है। उन्होंने भरोसा जताया कि वैभव भविष्य में भारतीय सीनियर टीम के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने युवा क्रिकेटर को निरंतर मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करा रही है। वैभव की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है और सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधि और वैभव सूर्यवंशी के परिवारजन भी इस अवसर पर उपस्थित थे।