केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर संविधान पर उनके भाषण को लेकर निशाना साधा और कहा कि उनकी 'दादी इंदिरा गांधी खुद एक 'तानाशाह' बन गईं और आज उनके पोते दूसरों को सलाह दे रहे हैं।'
गांधी परिवार पर बरसे चिराग पासवान
वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी कांग्रेस नेता की आलोचना की और कहा कि गांधी परिवार ने सत्ता का लाभ उठाने के अलावा कभी कुछ नहीं किया। चिराग पासवान ने कहा कि यह मेरी समझ से परे है कि वह (राहुल गांधी) उस पार्टी के नेता हैं जो आजादी के बाद ज्यादातर समय सत्ता में रही और आज वह ऐसे वादे कर रहे हैं। आप इतने सालों तक क्या कर रहे थे? दस साल पहले भी आप सरकार में थे, उस समय आप जाति जनगणना करा सकते थे। विपक्ष में जाते ही उनकी भाषा बदल जाती है।
चिराग पासवान ने कहा कि राहुल गांधी और उनके परिवार ने सत्ता के विशेषाधिकारों का आनंद लेने के अलावा कभी कुछ नहीं किया। ध्यान रहे कि भारत के संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर विभिन्न क्षेत्रों को उद्योगपतियों को सौंपकर युवाओं के लिए अवसरों को खत्म करने का आरोप लगाया था।
संविधान की चर्चा पर राहुल गांधी ने कही ये बात
गौरतलब है कि शनिवार को लोकसभा में संविधान पर चर्चा हो रही थी। ये खास चर्चा भारत के संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित की गई थी। इस चर्चा के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य की तुलना महाभारत के युद्ध से की थी।वहीं, इस दौरान उन्होंने जातिगत जनगणना की बात दोहराई। लोकसभा में भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि हम हर गरीब व्यक्ति को बताना चाहते हैं कि आप संविधान द्वारा संरक्षित हैं। भाजपा लगातार संविधान पर हमला करती है। मैंने सदन में वादा किया था कि हम जाति जनगणना लागू करेंगे। इसके बाद भारत में एक नए तरह का विकास होगा।
उल्लेखनीय है कि संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर को शुरू हुआ था और यह 20 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र के दौरान सदन में कई बार सांसदों का हंगामा देखने को मिला था। शनिवार को कुछ व्यवधानों के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही समय से पहले स्थगित कर दी गई थी।