गया जिले के शेरघाटी में रविवार को महाशिवरात्रि के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। शेखपुरा मोहल्ला निवासी स्वीटी देवी शिव मंदिर गई थीं, जहां उन्होंने भोलेनाथ से अपने पति की लंबी आयु की कामना की। इसी बीच उनके पति सतेंद्र कुमार महतो (30) ने अपने ही घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और गंभीर रूप से झुलसकर दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पाकर शेरघाटी पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक अवर निरीक्षक राजकिशोर सिंह, अवर निरीक्षक रूपा कुमारी और अन्य पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि सतेंद्र और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक की बहन जूली कुमारी ने बताया कि पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के कारण सतेंद्र ने यह कदम उठाया। परिवार के आरोपों के अनुसार, पत्नी के मायके चले जाने और सास की धमकियों के चलते वह काफी परेशान था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सतेंद्र हाल ही में मोहल्ला में जमीन खरीद चुका था। उसकी दो नाबालिग बेटियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मोहल्ला में मातम छा गया और महाशिवरात्रि का पर्व शोक में बदल गया।
शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।