बिहार। मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव अखाड़ाघाट पुल के नीचे बूढ़ी गंडक नदी के किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है।

नदी किनारे मिला युवक का शव

गुरुवार शाम स्थानीय लोगों ने बूढ़ी गंडक नदी किनारे एक युवक का शव देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची अहियापुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और मृतक की पहचान नाजीरपुर निवासी 18 वर्षीय आदर्श राज के रूप में की।

पहचान होते ही परिवार में मचा मातम

शव की पहचान होने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

बुधवार से लापता था छात्र

परिजनों के अनुसार आदर्श बुधवार शाम से घर से गायब था। परिवार ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुरुवार सुबह थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई थी।

बताया गया कि आदर्श दिल्ली में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसके पिता कैंसर से पीड़ित हैं, जिससे वह मानसिक तनाव में रहता था। परिवार की परिस्थितियों के चलते वह इस बार नीट परीक्षा में शामिल भी नहीं हो पाया था। परिजनों का कहना है कि आदर्श पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर था और उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी।

एफएसएल टीम भी जांच में जुटी

अहियापुर थाना प्रभारी शरत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।