बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी करने के मामले में एक मगही गायक को गिरफ्तार किया गया है। पटना साइबर थाना और जहानाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी चुन्नू लाल यादव उर्फ निर्भय कुमार को जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव से पकड़ा गया।
वायरल वीडियो से शुरू हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें मगध क्षेत्र का एक गायक मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा था। वीडियो के सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और इसकी शिकायत साइबर थाना, पटना तक पहुंची।
मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाने ने स्वतः संज्ञान लिया और प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद तकनीकी जांच शुरू की गई, जिसके जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई।
छापेमारी कर आरोपी की गिरफ्तारी
जांच में पता चला कि आरोपी अपने पैतृक गांव श्रीपुर में ही मौजूद है। इसके बाद पटना साइबर पुलिस और जहानाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री की छवि और गरिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी।
पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी
घोसी की एसडीपीओ कृति कमल ने बताया कि वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जो कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक मर्यादा का उल्लंघन है।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो बनाने के पीछे कोई और व्यक्ति या समूह शामिल था या नहीं, और इसका उद्देश्य क्या था।