जमुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के तहत भगवान महावीर की धरती लछुआड़ पहुंचकर कहा कि केंद्र सरकार का सहयोग उन्हें पूरी तरह प्राप्त है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पिछले 20 वर्षों में जहां-कहीं कमी रह गई, उसे अगले पांच वर्षों में एनडीए सरकार पूरी तरह से पूरा करेगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चिर प्रतीक्षित कुंडघाट जलाशय परियोजना समेत 914 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने करीब 40 मिनट के संबोधन में नीतीश ने 2005 से पहले के बिहार की परिस्थितियों को याद करते हुए लोगों को विरोधियों से सतर्क रहने का संदेश दिया और एनडीए के प्रति निरंतर समर्थन का भरोसा लिया।
बिहार की बदहाली से विकास की ओर
नीतीश कुमार ने अपने भाषण में बताया कि पहले शाम होते ही दरवाजे बंद हो जाते थे और लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो जाता था। सड़कों की बदहाल स्थिति और शासन की कमियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 के बाद न्याय और विकास के मार्ग पर राज्य आगे बढ़ा।
उपलब्धियों की गिनती
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए सुधारों का विवरण देते हुए कहा कि सरकारी शिक्षकों की संख्या अब 5.24 लाख हो गई है। पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रतिमाह केवल 39 मरीज आते थे, जो अब 11,600 तक बढ़ गए हैं। 2005 में बिहार में केवल छह मेडिकल कॉलेज थे, जो अब 12 हो गए हैं। छह और कॉलेज निर्माणाधीन हैं और 21 को भी जल्द पूरा किया जाएगा। पीएमसीएच अब 5,400 बेड वाला अस्पताल बन गया है।
रोजगार और विकास के वादे
नीतीश ने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण, पेंशन राशि बढ़ोतरी, मुफ्त 125 यूनिट बिजली और जीविका दीदियों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजनाओं का जिक्र किया।
महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयास
नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए पंचायत और नगर निकाय में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण और पुलिस व अन्य सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
भविष्य की योजनाएं
उन्होंने कहा कि औसत आय को दोगुना करना और प्रत्येक जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना सरकार की प्राथमिकता है। पुरानी बंद चीनी मिलों को फिर से चालू किया जाएगा। इसके साथ ही डेयरी, मछली पालन और उन्नत शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खुलेंगे। विशेष चिकित्सा केंद्र स्थापित होंगे और डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर रोक लागू होगी।
समर्थन के लिए सम्राट चौधरी के पास गए
अंत में मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास जाकर उनके कंधे पर हाथ रख जनता से समर्थन बनाए रखने का भरोसा लिया। सभा को जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, 20 सूत्री प्रभारी मंत्री संजय सिंह और खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह ने भी संबोधित किया।