पटना। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था। आज उन्हें कोर्ट ने जमानत दे दी, जिसके बाद वह जेल से रिहा हो गए। पप्पू यादव की गिरफ्तारी कई साल पुराने जमीन और घर के कब्जे के मामले में हुई थी। जेल से रिहाई के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उनकी हत्या की साजिश रच रहे थे।

पप्पू यादव ने इस दौरान देश के कई बड़े नेताओं का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कांग्रेस के राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राजद के तेज प्रताप यादव, दिग्विजय सिंह, मनोज झा, असदुद्दीन ओवैसी और अन्य नेताओं को उनके समर्थन के लिए शुक्रिया कहा। सांसद ने कहा, “आज मेरी जीत न्याय की जीत है। न्यायपालिका ने सच और झूठ को अलग किया।”

गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि
पुलिस ने 7 फरवरी को पप्पू यादव को 31 साल पुराने प्रॉपर्टी विवाद में गिरफ्तार किया था। पुलिस का आरोप है कि उन्होंने एक घर किराये पर लेकर उसमें अपना कार्यालय बना लिया और इसके लिए धोखे का सहारा लिया। गिरफ्तारी के दौरान उनके समर्थक उनके घर के बाहर जमा हो गए थे और काफी हंगामा किया था।

पुलिस ने बताया कि पप्पू यादव के खिलाफ यह कार्रवाई पुराने मामले में कोर्ट के आदेश के आधार पर की गई थी। गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया गया था।