पटना। नीट छात्रा हत्याकांड के मामले में लगातार पुलिस और सरकार की आलोचना करने वाले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के आवास पर देर रात पुलिस पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी 31 साल पुराने प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ी है। बताया गया है कि पप्पू यादव ने पहले किसी मकान को किराए पर लिया था, जिसे बाद में उन्होंने कार्यालय के तौर पर इस्तेमाल किया। पुलिस का आरोप है कि इसमें धोखाधड़ी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के तहत की गई है। कुछ दिन पहले ही कोर्ट ने पप्पू यादव के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था, जिसमें सांसद उपस्थित नहीं हुए थे। पुलिस वारंट के साथ उनके पटना स्थित आवास पहुंची, जहाँ समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सांसद पप्पू यादव ने अपनी गिरफ्तारी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नीट छात्रा हत्याकांड में उन्होंने लगातार पुलिस प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाए हैं, जिस कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना पुलिस उन्हें मारने का इरादा रखती है। साथ ही पप्पू यादव ने एक सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी पर भी बदतमीजी करने का आरोप लगाया।
वहीं, पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भरोसा जताया और कहा कि वह इस मामले में उचित कार्रवाई करेंगे।

पप्पू यादव के वकील ने बताया कि यह मामला 1995 का है, जिसमें सांसद बेल पर थे। कल उन्हें कोर्ट में पेश होना था, लेकिन पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट के साथ उनके आवास पर पहुंचकर कार्रवाई कर दी। वकील का कहना है कि पुलिस के दस्तावेजों में कुर्की की बात लिखी है, जबकि असल में उन्हें जबरन गिरफ्तार किया गया।
इस दौरान उनके आवास परिसर में काफी हलचल और तनाव का माहौल बना रहा।