कांग्रेस ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए पांच राज्यों से अपने छह उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने तेलंगाना से वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी और मुख्यमंत्री के सलाहकार वेम नरेंद्र रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ से मौजूदा राज्यसभा सदस्य और आदिवासी नेता फूलो देवी नेताम को एक बार फिर मौका दिया गया है।

हरियाणा से करमवीर सिंह बौद्ध, तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक और हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को भी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा है।

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की रहने वाली 54 वर्षीय फूलो देवी नेताम लंबे समय से आदिवासी समाज की राजनीति में सक्रिय रही हैं। कांग्रेस ने उन्हें पहली बार वर्ष 2020 में राज्यसभा भेजा था। उनका कार्यकाल समाप्त होने से पहले पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए फिर से उम्मीदवार बनाया है।

हरियाणा से कांग्रेस उम्मीदवार करमवीर सिंह बौद्ध दलित समुदाय से आते हैं और पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश से प्रत्याशी अनुराग शर्मा को पार्टी के उभरते युवा नेताओं में गिना जाता है, जो राज्य की राजनीति में लगातार सक्रिय रहे हैं। तमिलनाडु से उम्मीदवार एम. क्रिस्टोफर तिलक भी लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हैं और दक्षिण भारत में संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।

गौरतलब है कि 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे मतगणना भी की जाएगी। महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना से चुने गए 37 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है। इसके बाद 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकते हैं।