बिहार में परिवर्तन यात्रा पर निकले जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर को आरा में एक हादसे में पसली में चोट लग गई। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार को आरा के रमना मैदान में आयोजित सभा से पहले रोड शो कर रहे थे और अपनी गाड़ी से लोगों का अभिवादन कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक उनकी कार के दरवाज़े से टकरा गया, जिससे प्रशांत किशोर को छाती में गंभीर चोट आई।

चोट लगते ही उन्हें आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया। इस वजह से वह जनसभा को संबोधित नहीं कर सके। जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने पूर्व में एक प्रेस वार्ता में बताया था कि प्रशांत किशोर चोट के बावजूद बिहार की यात्रा पर निकल पड़े हैं।

बता दें कि जन सुराज पार्टी राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। अपनी इस तैयारी के तहत प्रशांत किशोर राज्यभर में बदलाव यात्रा कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा से की थी। शुक्रवार को यात्रा आरा पहुंची, जहां हादसा हुआ।

इस बीच जन सुराज से लोगों का जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में यूट्यूबर मनीष कश्यप ने पार्टी की सदस्यता ली थी। अब हिमाचल प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी जयप्रकाश सिंह ने सेवा से इस्तीफा देकर जन सुराज से जुड़ने का ऐलान किया है। इसके अलावा भोजपुरी गायक रितेश पांडेय भी प्रशांत किशोर की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हो गए हैं।