पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी से ठीक एक दिन पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपना वादा पूरा करते हुए स्थानीय पोनीवाला आदिल शाह के परिवार को नया घर सौंपा। यह वही आदिल शाह हैं जिन्होंने 22 अप्रैल 2025 को बायसरन घाटी में हुए आतंकी हमले के दौरान बहादुरी दिखाते हुए पर्यटकों की जान बचाने की कोशिश की थी और इस हमले में अपनी जान गंवा दी थी।
इस आतंकी घटना में कुल 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे, जबकि आदिल शाह उस इलाके के एकमात्र स्थानीय शिकार बने थे।
शिवसेना की ओर से आदिल शाह के पैतृक गांव हापटनार में बनवाया गया, यह घर एक कार्यक्रम के दौरान परिवार को सौंपा गया। इस मौके पर एकनाथ शिंदे वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि राज्य सरकार के मंत्री मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने परिवार को नए घर की चाबी सौंपी।
आदिल शाह के पिता सैयद हैदर शाह ने इस सहायता के लिए आभार जताते हुए कहा कि संकट की घड़ी में सरकार और प्रशासन ने लगातार परिवार का साथ दिया। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन की ओर से भी परिवार को सहायता दी गई है और आदिल की पत्नी को नौकरी प्रदान की गई है।
हालांकि, उन्होंने भावुक होकर कहा कि कोई भी सहायता उनके बेटे की कमी को पूरा नहीं कर सकती। परिवार ने आदिल को एक बहादुर इंसान बताते हुए कहा कि उसने कठिन समय में इंसानियत को प्राथमिकता दी और उसकी शहादत हमेशा उन्हें गर्व का एहसास कराती रहेगी।