विक्रमगंज (रोहतास)। इंटरनेट मीडिया पर पांच लोगों की मौत की खबर वायरल होने के बाद रोहतास प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) प्रभात कुमार के नेतृत्व में टीम मठिया और नासरीगंज के सबदला गांव पहुंची। टीम में एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह और सहायक उत्पाद आयुक्त तारिक महमूद भी शामिल थे।

प्रशासन के अनुसार, सोशल मीडिया पर इस खबर के फैलने के बाद तुरंत जांच टीम गठित की गई। एसडीएम ने बताया कि टीम पहले बिलखुड़िया मठिया निवासी रामपुजन सिंह के घर गई, जहां लल्लू सिंह की मौत के बारे में जानकारी ली गई। बताया गया कि 14 फरवरी को उन्हें कुत्ते के काटने के कारण स्वास्थ्य समस्या हुई थी। इलाज के दौरान उन्हें अस्पताल ले जाया गया और रेफर के दौरान जमुहार ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

इसके अलावा, नासरीगंज के सबदला गांव में विश्वनाथ सिंह के पुत्र अभिजीत कुमार की मौत के संबंध में भी टीम ने तथ्य जुटाए। परिवार के अनुसार, घर से चार लोग तिलक समारोह में गए थे, लेकिन अभिजीत वहां नहीं गए थे।

गरहथा के राहुल सिंह की मौत की जांच प्रशासन नहीं कर रहा है क्योंकि यह मामला भोजपुर जिले का है। अकौढ़ी गोला थाना क्षेत्र में दो अन्य मौतों की सूचना पर भी प्रशासन तथ्य जुटा रहा है।

एसडीएम ने बताया कि टीम सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई खबरों की सच्चाई का भी पता लगाया जा रहा है।