प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा उपचुनाव की चार सीटों पर पहली बार उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है, लेकिन चुनाव में उतरने से पहले ही उन्हें झटका लगा है.प्रशांत किशोर को चार से दो सीटों पर अपने उम्मीदवार बदलने पड़े हैं. तरारी और बेलागंज विधानसभा सीट से प्रशांत किशोर ने घोषित उम्मीदवार बदलने का ऐलान किया है.
भोजपुर जिले के मुख्यालय आरा में बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने ऐलान किया कि तरारी विधानसभा उपचुनाव से सामाजिक कार्यकर्ता किरण सिंह चुनाव लड़ेंगी. प्रशांत किशोर ने पहले पूर्व सेना उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल कृष्ण सिंह (सेवानिवृत्त) को पहले इस सीट से उम्मीदवार घोषित किया था.
इसी तरह से बेलागंज विधानसभा उपचुनाव से शिक्षाविद खिलाफत हुसैन की जगह पूर्व पंचायत मुखिया मोहम्मद अमजद चुनाव लड़ेंगे.
प्रशांत किशोर ने दो सीटों पर बदले उम्मीदवार
प्रशांत किशोर ने उम्मीदवारों के नामों में बदलाव का ऐलान करते हुए कहा कि चुनावी प्रणाली को सत्ता पक्षधर मानते हैं. इसमें नए उम्मीदवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. वहीं स्थापित पार्टियों में कोई परेशानी नहीं होती है. प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार 25 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, उसी समय उन्हें चुनाव चिह्न आ दिया जाएगा.
उन्होंने दावा किया कि जन सुराज के सभी उम्मीदवार उपचुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने तरारी से लेफ्टिनेंट जनरल सिंह चुनाव नहीं लड़े जाने पर कहा कि उन्हें स्थानीय मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना होगा. इस परेशानी से बचने के लिए नए उम्मीदवार का ऐलान करने का निर्णय किया है.
प्रशांत किशोर ने कहा कि बेलागंज विधानसभा उपचुनाव में खिलाफत हुसैन को उनकी उनकी वरिष्ठता को देखते हुए उतारा गया था, लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा है कि उम्र और शिक्षा में रूचि की वजह से वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं.
पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं प्रशांत किशोर
उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक एवं एनडीए के अधिकतर उम्मीदवारों के संबंध राजनीतिक परिवार से हैं, लेकिन उनके उम्मीदवारों का कोई राजनीतिक संपर्क नहीं है. उन्होंने बिहार में विकल्प प्रदान करना चाहते हैं. सामाजिक प्रतिबद्धता के लिए चुने गए आम पुरुषों और महिलाओं को चुनाव में उतारा गया है.
बता दें कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पिछले दो सालों तक बिहार की यात्रा की थी. जन सुराज यात्रा के बाद उन्होंने अपनी पार्टी का गठन करने का ऐलान किया है. यह पार्टी पहली बार बिहार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं. इसके पहले प्रशांति किशोर की कंपनी आईपीएसी चुनावी रणनीतिकार का काम करती थी. वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार और ममता बनर्जी के लिए काम चुके हैं.