परैया। बलिदानियों के सपनों को साकार करना उनकी असली श्रद्धांजलि है। अपने पिता जो स्वयं सैनिक रहे हैं और तीन युद्धों में भाग ले चुके हैं, का हवाला देते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि हमारी सरकार बलिदानी परिवारों के हर उद्देश्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नौकरी के मामले में बलिदानी के परिवार को एक सरकारी नौकरी सुनिश्चित की जाएगी और परिवार के लिए गांव में जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने अमोखर में शहीद सूबेदार संतोष कुमार के स्मारक का अनावरण किया और उनके बलिदान को याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भी बलिदानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और उनकी पत्नी कनक को सभी प्रकार के सहयोग का भरोसा दिलाया।
उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि परैया क्षेत्र में उपलब्ध जमीन का वितरण शहीद परिवार को किया जाएगा और उनकी पत्नी कनक के जीवन यापन के लिए सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, उन्होंने बलिदानी के सम्मान में स्टेशन का नाम बदलने की मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
इस अवसर पर गुरुआ विधायक डॉ. उपेंद्र प्रसाद, टिकारी विधायक अजय कुमार, विधान परिषद सदस्य कुमुद वर्मा, अतिपिछड़ा आयोग के सदस्य अमित कुमार दांगी, भाजपा नेता विनोद सिह दांगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता मौजूद रहे।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बलिदानी की याद में किए गए ये प्रयास परिवार और समाज के लिए गर्व का विषय हैं और सरकार उनकी घोषणा की पूर्णता के लिए सभी संबंधित विभागों को निर्देशित करेगी।