नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां चोरी के शक में दो युवकों की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना झुनकिया बाबा मंदिर के पास की है, जहां स्थानीय लोगों ने दो युवकों को कथित तौर पर चोरी के संदेह में पकड़ लिया। देखते ही देखते “चोर-चोर” की आवाजों के साथ बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई और दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए उन्हें बुरी तरह पीटा।
घटना की सूचना मिलने पर राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों युवकों को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी अमरदीप पासवान के 24 वर्षीय पुत्र पिंटू पासवान और नरेश पासवान के 18 वर्षीय पुत्र श्रवण पासवान के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि भीड़ किस तरह इकट्ठा हुई और किसने मारपीट की शुरुआत की।
इस घटना ने एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून अपने हाथ में लेने और मॉब लिंचिंग जैसे मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।