पेरिस। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीस यात्रा को एक खास और फिल्मी अंदाज में पेश करते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में फिल्म ‘धुरंधर’ के लोकप्रिय गाने ‘आरी आरी’ का इस्तेमाल किया गया है, जिसने इसे और भी आकर्षक बना दिया है।
मैक्रों द्वारा X और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में पीएम मोदी की नीस यात्रा के प्रमुख क्षणों को दिखाया गया है। इसमें दोनों नेताओं की मुलाकात, हाथ मिलाना और गर्मजोशी से गले मिलने के दृश्य शामिल हैं। साथ ही वीडियो में भारत-फ्रांस के बीच तकनीक, नवाचार और रणनीतिक साझेदारी को लेकर हुई चर्चाओं की झलक भी दिखाई गई है।
यह वीडियो प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस यात्रा के दौरान आयोजित ‘इंडिया इनोवेट्स 2026’ सम्मेलन और वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन में उनकी भागीदारी के बाद साझा किया गया, जिसे मैक्रों की ओर से एक रचनात्मक “थैंक यू” संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर इस अनोखे प्रस्तुतीकरण ने लोगों का ध्यान तेजी से खींचा है, जहां राजनयिक संदेश को बॉलीवुड म्यूजिक के साथ जोड़कर पेश किया गया है। यह पहला मौका नहीं है जब फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने भारतीय फिल्म संगीत का उपयोग अपने पोस्ट में किया हो। इससे पहले भी उनकी भारत यात्रा से जुड़े एक वीडियो में इसी तरह का संगीत देखने को मिला था।
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति मैक्रों को धन्यवाद कहा और भारत-फ्रांस साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि दोनों देश तकनीक, नवाचार और उभरते क्षेत्रों में मिलकर काम जारी रखेंगे।
इस बीच पीएम मोदी ने मैक्रों के साथ अपनी एक सेल्फी भी साझा की, जिसमें उन्होंने नीस में हुई मुलाकात को “फलदायी” बताया। उन्होंने लिखा कि यह बातचीत भारत-फ्रांस संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और दोनों नेता जल्द ही फिर से एवियन और पेरिस में मिलेंगे।
गौरतलब है कि नीस के विला केरीलोस में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। यह बैठक भारत-फ्रांस की विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के बाद पहली उच्चस्तरीय मुलाकात थी। दोनों नेताओं ने रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, तकनीक और नवाचार जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की।