पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में बुधवार दोपहर एक धमाके की घटना सामने आई। सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर हुए विस्फोट से इलाके में अचानक अफरा-तफरी फैल गई। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शाम करीब पांच बजे भाजपा के पंजाब मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में तेज धमाका हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। चंडीगढ़ की एसएसपी और आईजी पुष्पेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। स्कूटी किसकी थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कार्यालय भवन के भीतर भी किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया है। फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है और साक्ष्य इकट्ठा कर रही है। पूरे शहर में एहतियात के तौर पर अलर्ट जारी कर दिया गया है।