प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में केन्स सेमीकॉन के नए सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन किया। इस परियोजना को देश में सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। यह भारत का दूसरा सेमीकंडक्टर प्लांट है।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने प्लांट का निरीक्षण किया और वहां कार्यरत इंजीनियरों व कर्मचारियों से बातचीत कर उनके कामकाज की जानकारी ली।
इंजीनियरों में उत्साह का संचार
केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी से इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों में नया जोश देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि पहला प्लांट फरवरी में शुरू हुआ था, जबकि दूसरे प्लांट का उद्घाटन अब किया गया है। तीसरे प्लांट को जुलाई में लॉन्च करने की योजना है और वर्ष के अंत तक चार यूनिट शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने एक प्रेरणादायक पंक्ति सुनाई—
“खोल दे पंख मेरे, कहता है परिंदा, अभी और उड़ान बाकी है; जमीन नहीं मंजिल मेरी, अभी पूरा आसमान बाकी है।”
औद्योगिक ढांचे को मिल रहा बल
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य में मजबूत औद्योगिक माहौल विकसित किया जा रहा है। केंद्र के सहयोग से लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी आई है, जिससे उद्योगों को आगे बढ़ने में मदद मिल रही है।