रायपुर: राजधानी रायपुर के लाभांडी इलाके में स्थित आबकारी भवन में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। आग तीसरी मंजिल पर लगी, जहां आबकारी निगम का एक महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित होता है। इस हादसे में कई अहम फाइलें और दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, जिस अनुभाग में आग लगी, वही सोमवार से होने वाले आय-व्यय ऑडिट से जुड़ा था। दिनभर कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही रही, लेकिन रात में कार्यालय बंद होने के कुछ समय बाद आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की शुरुआत तीसरी मंजिल पर ऑडिट से जुड़े कक्ष से हुई। दमकल विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने तक आग ने रिकॉर्ड रूम को भारी नुकसान पहुंचा दिया था।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रविवार सुबह पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।

इस आगजनी से हुए नुकसान का अभी आकलन किया जा रहा है। घटना ने विभागीय सुरक्षा और कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर ऐसे समय में जब महत्वपूर्ण ऑडिट की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी।