कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम तेज आंधी-तूफान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे चोरका दांड गांव को शोक में डुबो दिया। भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच पेड़ की बड़ी डाल गिरने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

आंधी-तूफान के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह से ही जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ था और कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चल रही थी। शाम करीब 5 बजे पाली क्षेत्र में अचानक मौसम और बिगड़ गया, जिसके बाद तेज हवाओं और बारिश ने विकराल रूप ले लिया।

इसी दौरान चोरका दांड गांव के तीन युवक—शिवराम टेकाम (14), कमलेश बड़ा (18) और दिनेश तिर्की (17)—कहीं से लौट रहे थे। बारिश से बचने के लिए वे एक बड़े पेड़ के नीचे रुक गए।

पेड़ की डाल गिरने से तीनों की मौत

तेज आंधी के कारण अचानक पेड़ की भारी डाल टूटकर तीनों युवकों पर गिर गई। डाल के नीचे दबने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर डाल हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

तीनों मृतक एक ही गांव के निवासी और आपस में करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। वहीं, मौसम विभाग पहले ही आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर चुका था।