नई दिल्ली। जनकपुरी इलाके में जल बोर्ड के एक गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय कमल चंदानी की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जल बोर्ड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक्सईएन, एई और जेई को निलंबित कर दिया है।

मृतक का परिवार लगाए आरोप
कमल गुरुवार रात लगभग 10 बजे ऑफिस से घर लौट रहा था। घटना के बाद परिवार ने लगातार थानों का चक्कर लगाया और जल बोर्ड की लापरवाही की आशंका जताई। मृतक के भाई ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने अंतिम लोकेशन बताई, लेकिन समय पर सहायता नहीं दी। उन्होंने बताया कि रात में कम से कम छह पुलिस स्टेशनों का दौरा किया गया, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।

उन्होंने कहा, “रात 1:30 बजे जब मैं गड्ढे पर गया, तो वह वहां नहीं था। सुबह जब उसके फोन पर कॉल किया, पुलिस ने शव मिलने की जानकारी दी। अगर समय पर कार्रवाई होती, तो मेरा भाई आज जीवित होता।”

पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया
पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटनास्थल पर जुटाई गई सभी साक्ष्य और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रही है। जल बोर्ड के अधिकारी अब इस मामले में जवाबदेही तय करने के लिए विभागीय जांच भी कर रहे हैं।

इस घटना ने लोगों को नोएडा में हाल ही में हुए युवराज हादसे की याद दिला दी है, जिसमें भी प्रशासन की ढिलाई और सुरक्षा मानकों की कमी सामने आई थी।