‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत डिपके ने पार्टी के एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट को ब्लॉक किए जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। डिपके का आरोप है कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देकर की गई, जिससे उनकी व्यंग्यात्मक राजनीतिक पहल को निशाना बनाया गया है।

अभिजीत डिपके द्वारा शुरू की गई यह अनोखी राजनीतिक पहल हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर खासा चर्चा में रही है। मीम्स और व्यंग्य के जरिए सरकार व राजनीतिक मुद्दों पर कटाक्ष करने वाली इस पहल ने खासकर युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रियता हासिल की थी।

डिपके का दावा है कि सिर्फ एक्स अकाउंट ही नहीं, बल्कि पार्टी से जुड़े अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी कार्रवाई की गई है। उनके अनुसार, इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक कर लिया गया, जिससे उनकी पहुंच खत्म हो गई। साथ ही पार्टी का बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया और आधिकारिक वेबसाइट को भी बंद कर दिया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में डिजिटल स्तर पर एक व्यापक कार्रवाई की गई, जिसका उद्देश्य उनकी गतिविधियों को रोकना है। डिपके ने कहा कि उनकी इस ऑनलाइन मुहिम से बड़ी संख्या में लोग जुड़े थे और करीब 10 लाख यूजर्स ने सदस्यता ली थी।

उनका यह भी कहना है कि यह मंच खासकर मिलेनियल और जेन-जी वर्ग के बीच अपने व्यंग्यात्मक कंटेंट के कारण लोकप्रिय हुआ था। डिपके ने अदालत से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चुनिंदा अकाउंट्स को निशाना बनाया जा रहा है।