मशहूर कॉमेडियन Kapil Sharma के अमृतसर स्थित होली सिटी इलाके वाले घर के बाहर कथित फायरिंग की खबर सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक कुछ अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और गोली चलने जैसी आवाजें सुनाई देने के बाद वहां से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने अब तक आधिकारिक तौर पर फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।

बताया जा रहा है कि इस मकान में कपिल शर्मा की बहन और बहनोई रहते हैं। परिवार के सदस्यों के अनुसार उन्हें गोली जैसी आवाज सुनाई दी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि फायरिंग कहां हुई और किस दिशा से आवाज आई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वीआईपी रिहायशी क्षेत्र होने के कारण अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।

एसीपी वेस्ट कमलजीत सिंह ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि फायरिंग की पुष्टि के लिए सभी तथ्यों को जांचा जा रहा है। यदि किसी ने गोली चलाई है तो उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे के बाहर भी दो बार फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।